फर्रुखाबाद/कायमगंज। कोतवाली कायमगंज क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल से स्कूल जा रहा 8 वर्षीय छात्र कार्तिक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घायल छात्र को बेहतर इलाज के लिए कानपुर ले जाया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार कोतवाली कायमगंज के ग्राम शिवरई बरियार निवासी स्वर्गीय शिवम शाक्य का 8 वर्षीय पुत्र कार्तिक तथा 14 वर्षीय पुत्री दीक्षा आज सुबह अपने बाबा सुरेश चंद्र शाक्य के साथ साइकिल से ग्राम दत्तू नगला स्थित एसबी आदर्श पब्लिक स्कूल पढ़ने जा रहे थे। कार्तिक कक्षा एक में तथा दीक्षा कक्षा पांच में अध्ययनरत है।
जब सुरेश चंद्र शाक्य साइकिल से कैसर खां के बस अड्डे के पास से गुजर रहे थे, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रही कौशांबी डिपो की बस ने साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि साइकिल के आगे बैठे कार्तिक उछलकर सड़क पर गिर पड़े, जबकि पीछे बैठी दीक्षा और सुरेश चंद्र शाक्य सड़क की दूसरी ओर फुटपाथ की तरफ जा गिरे।
हादसे में कार्तिक का सिर बस के पहिए की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के तुरंत बाद बस चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया और आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी मदन मोहन चतुर्वेदी एवं कस्बा चौकी इंचार्ज सोमवीर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया और घायल छात्र को एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज भिजवाया। वहां तैनात डॉक्टर विपिन ने प्राथमिक उपचार के बाद कार्तिक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
परिजन घायल कार्तिक को पहले एक निजी सिटी अस्पताल ले गए, जहां से उसे तुरंत कानपुर के लिए रेफर कर दिया गया। परिजनों के अनुसार कार्तिक की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है।
घटना के बाद अस्पताल में कार्तिक की मां तथा परिवार की अन्य महिलाएं बुरी तरह बिलखती रहीं। परिजनों और रिश्तेदारों ने उन्हें बड़ी मुश्किल से संभाला। कार्तिक के चाचा राहुल ने मीडिया को बताया कि बस चालक गलत साइड से आ रहा था और उसी ने साइकिल में टक्कर मारी। दुर्घटना के बाद चालक बस को तेज रफ्तार में भगाकर ले गया। गनीमत रही कि आगे और बड़ी दुर्घटना नहीं हुई। उन्होंने बताया कि बस का नंबर नोट कर लिया गया है और कार्रवाई की मांग की गई है।
उधर, स्कूल जाने को लेकर भी भ्रम की स्थिति सामने आई है। एसबी आदर्श पब्लिक स्कूल के प्रबंधक रमेश चंद्र यादव ने बताया कि आज विद्यालय में छुट्टी थी। जिन छात्रों और अभिभावकों को इसकी जानकारी नहीं थी, वे स्कूल आए और वापस लौट गए। वहीं बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) विश्वनाथन प्रताप सिंह ने भी पुष्टि करते हुए कहा कि विद्यालय में अवकाश था और बच्चों व उनके परिजनों को इसकी जानकारी नहीं होने के कारण वे स्कूल जा रहे थे।
फिलहाल पुलिस बस चालक की तलाश में जुटी हुई है। घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की आवश्यकता को उजागर कर दिया है। पूरे क्षेत्र में इस हादसे को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here