जोधपुर| जोधपुर जैसलमेर राष्ट्रीय राजमार्ग-125 पर रविवार तड़के खारी बेरी गांव के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में गुजरात के साबरकांठा जिले से रामदेवरा दर्शन के लिए जा रहे छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि महिलाओं और बच्चों समेत 14 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 5:30 बजे बालेसर थाना क्षेत्र में उस समय हुआ, जब बाजरे की बोरियों से भरा तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे श्रद्धालुओं से भरे टेंपो से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और ट्रक भी आगे जाकर पलट गया। बालेसर थाना प्रभारी मूल सिंह भाटी के अनुसार, टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो ने एमडीएम अस्पताल, जोधपुर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के तुरंत बाद हाईवे से गुजर रहे वाहन चालकों ने अपने वाहन रोककर घायलों को बाहर निकाला और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। बालेसर, आगोलाई और हाईवे सेवा की तीन एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और घायलों को पहले बालेसर सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल सभी 14 यात्रियों को जोधपुर रेफर किया गया। पुलिस ने मृतकों के शव बालेसर सीएचसी की मोर्चरी में रखवाए हैं और ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के बाद स्थल पर चीख-पुकार मच गई थी और आसपास के वाहन चालकों ने भी बचाव कार्य में सक्रिय भूमिका निभाई। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है।






