लखनऊ| प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में सोमवार को घने कोहरे की चादर छाई रहने से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। दृश्यता बेहद कम होने के कारण सड़क, हाईवे और एक्सप्रेसवे पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। कई स्थानों पर वाहन आपस में टकरा गए, जिससे बड़े हादसे हुए और दर्जनों लोग घायल हो गए। कोहरे के चलते कई मार्गों पर लंबा जाम लग गया और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
हापुड़ जनपद के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह हापुड़-गाजियाबाद हाईवे पर सरस्वती अस्पताल के पास घने कोहरे के कारण बड़ा हादसा हो गया। कम दृश्यता के चलते आगे चल रहे वाहन के अचानक ब्रेक लगाने पर पीछे से आ रहे आठ वाहन एक के बाद एक टकरा गए। इस दुर्घटना में तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र स्थित ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे ट्रक और कैंटर समेत कई वाहन आपस में भिड़ गए। एसीपी ट्रैफिक जियाउद्दीन अहमद के अनुसार इस हादसे में छह वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं और चार लोग घायल हो गए हैं। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में भी सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा। सुबह करीब 7 बजे पूरा शहर कोहरे की गिरफ्त में नजर आया। मेट्रो स्टेशन, मुख्य सड़कों और यमुना एक्सप्रेसवे पर दृश्यता लगभग शून्य रही। ग्रेनो के नॉलेज पार्क क्षेत्र में दिल्ली, नोएडा, फरीदाबाद और यमुना एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले वाहन बेहद धीमी गति से चलते दिखाई दिए।
ग्रेटर नोएडा में घने कोहरे और शून्य दृश्यता को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने नोएडा-ग्रेटर नोएडा मार्ग और यमुना एक्सप्रेसवे पर कन्वॉय सिस्टम लागू किया। वाहनों को काफिले के रूप में नियंत्रित गति से निकाला गया ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
बरेली समेत आसपास के जिलों में भी सोमवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। तड़के से ही हालात ऐसे रहे कि सड़कों पर दृश्यता लगभग शून्य हो गई। वाहन चालकों को लाइट जलाकर चलना पड़ा। सुबह 10 बजे के बाद भी कोहरे का असर बना रहा। ठंड के प्रकोप से बच्चे ठिठुरते हुए स्कूल पहुंचे, वहीं दफ्तर जाने वाले लोगों को भी भारी परेशानी हुई। शहर में जगह-जगह लोग अलाव तापते नजर आए।
गाजियाबाद के मोदीनगर में भोजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर रविवार रात करीब एक बजे कोहरे और धुंध के कारण बस, ट्रक और कार समेत पांच वाहन आपस में टकरा गए। इस हादसे में छह लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए मेरठ के सुभारती अस्पताल भेजा गया।
ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाना क्षेत्र में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह दो स्थानों पर भीषण हादसे हुए। मेरठ से हरियाणा की ओर जाने वाली लेन पर करीब 20 वाहन आपस में टकरा गए, जिसमें 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को ग्रेटर नोएडा के राजकीय और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस और यातायात विभाग ने बैरिकेडिंग कर वाहनों को सुरक्षित निकाला।
इसके अलावा गाजियाबाद के वेव सिटी क्षेत्र में ईपीई पर सुबह करीब साढ़े सात बजे घने कोहरे में 6 से 7 वाहन आपस में टकरा गए, जिसमें दो लोग घायल हो गए। वहीं ग्रेटर नोएडा में गलगोटिया यूनिवर्सिटी के पास ईपीई पर दो दर्जन से अधिक वाहन आपस में भिड़ गए। इस हादसे में कई लोगों के घायल होने की सूचना है और मौके पर राहत व बचाव कार्य जारी रहा।






