कौशांबी| पश्चिमशरीरा थाना क्षेत्र में रविवार रात एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके में कोहराम मचा दिया। कुंआडीह गांव स्थित गिट्टी प्लांट के पास तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई, जिसमें बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के बरैसा गांव निवासी 22 वर्षीय श्रीचंद्र पुत्र प्रेमचंद्र और 24 वर्षीय जितेंद्र पुत्र स्वर्गीय गोपी अपने दो अन्य दोस्तों के साथ एक ही बाइक से टेवां की ओर जा रहे थे। रविवार रात करीब नौ बजे जैसे ही उनकी बाइक कुंआडीह गांव स्थित गिट्टी प्लांट के पास पहुंची, तेज गति के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा टकराई।
हादसा इतना भीषण था कि जितेंद्र समेत दो अन्य युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि श्रीचंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पश्चिमशरीरा थाना पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल श्रीचंद्र की हालत नाजुक देखते हुए उसे प्रयागराज रेफर कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि मृतकों में एक युवक हिनौता गांव का निवासी बताया जा रहा है, लेकिन देर शाम तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के बाद मृतकों के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है।




