कोहरे में दर्दनाक सड़क हादसा, गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को ट्रक ने मारी टक्कर

0
41

युवक की मौत, सगा भाई गंभीर घायल

फर्रुखाबाद। थाना राजेपुर क्षेत्र में बीती रात करीब 2:30 बजे कोहरे के कारण एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका सगा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अमैयापुर, थाना अमृतपुर निवासी 23 वर्षीय नीरज कुमार पुत्र रामशरण अपने सगे भाई राधेश्याम पुत्र रामशरण के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में गन्ना लादकर रूपापुर चीनी मिल (हरदोई) जा रहे थे। जैसे ही ट्रैक्टर डबरी तिराहा पार कर शाहजहांपुर मार्ग की ओर मुड़ा, तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने कोहरे के कारण ट्रैक्टर-ट्रॉली को नहीं देखा और पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
तेज टक्कर के चलते गन्ना लदी ट्रॉली सड़क पर पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर पर बैठे नीरज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल नीरज को तत्काल निजी वाहन से डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
हादसे में ट्रैक्टर चला रहे मृतक के भाई राधेश्याम भी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें भी लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायल की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
सूचना मिलने पर थाना राजेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक सहित चालक को थाने पर लाकर कब्जे में ले लिया। ट्रक चालक की पहचान मोहम्मद खान पुत्र नियामद खान, निवासी मोहल्ला नया बांस, कस्बा व थाना बैर, जिला भरतपुर (राजस्थान) के रूप में हुई है।
प्रभारी निरीक्षक थाना राजेपुर सुदेश कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि मृतक का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जा रही है। तहरीर प्राप्त होने पर ट्रक चालक के खिलाफ उचित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि घटना को लेकर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है, शांति व्यवस्था बनी हुई है और वाहनों का आवागमन सामान्य रूप से जारी है।
युवक की असमय मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here