डंपर की टक्कर से शिक्षिका की दर्दनाक मौत, परिजनों ने किया जाम—डिवाइडर निर्माण की मांग पर अड़े

0
86

फर्रुखाबाद। कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र के गोसरपुर निवासी आर्मी से हवलदार पद से रिटायर संजीव सिंह की पत्नी अर्चना सिंह की सोमवार सुबह सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। अर्चना वर्तमान में गुरुग्राम (हरियाणा) में शिक्षिका थीं और अपने विद्यालय के लिए स्कूटी से निकली थीं। गोसरपुर कोल्ड स्टोर के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि डंपर का टायर उनके ऊपर से गुजर गया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिवारजन मौके पर पहुंचे और शव को सड़क से हटाने से साफ इंकार कर दिया। मृतका के भाई राम बहादुर ने जिला अधिकारी आशुतोष द्विवेदी को फोन कर कहा कि जिस स्थान पर यह दुर्घटना हुई है, वहां तुरंत डिवाइडर बनाया जाए, तभी शव को सड़क से हटाया जाएगा।
परिजन इस मांग पर अड़े रहे और कहा कि
> “जब तक प्रशासन लिखित में यह नहीं देगा कि इस स्थान पर डिवाइडर बनाया जाएगा, तब तक शव सड़क पर ही रखा रहेगा।”
परिजनों के धरने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई किलोमीटर तक ट्रैफिक जाम हो गया। मौके पर पुलिस बल पहुंचा और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। हादसे के बाद मृतका के परिजनों व पुलिस के बीच काफी नोकझोंक भी हुई।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को भी मौके पर दौड़ना पड़ा।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग पर आवागमन अधिक है, लेकिन सुरक्षा के लिए न तो स्पीड ब्रेकर हैं और न ही डिवाइडर, जिसके कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here