भाई और दो बहनों की दर्दनाक मौत: तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक को मारी टक्कर, 10 मीटर तक घसीटता ले गया वाहन; परिजनों का हंगामा, ड्राइवर की गिरफ्तारी पर अड़ा परिवार

0
188

फर्रुखाबाद| मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार सुबह दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। भाई और उसकी दो बहनों की मिनी ट्रक (डीसीएम) की टक्कर में दर्दनाक मौत हो गई। तीनों बाइक से स्कूल जा रहे थे कि तभी तेज रफ्तार डीसीएम ने सामने से टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक समेत तीनों वाहन के अगले हिस्से में फंसकर करीब 10 मीटर तक सड़क पर घिसटते चले गए।

हादसे में 19 वर्षीय राजन, उसकी चचेरी बहन काजल (15) की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरी बहन सेजल (12) गंभीर रूप से घायल होकर दर्द से तड़प रही थी। राहगीरों ने तुरंत मदद की और सेजल को अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन कुछ ही दूरी पर उसने भी दम तोड़ दिया। घटना के बाद डीसीएम चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया।

दुःखद हादसे की जानकारी मिलते ही जब परिजन मौके पर पहुंचे और बच्चों के शव देखे तो चीख-पुकार मच गई। राजन की मां अपने बेटे की लाश से लिपटकर रोते-रोते बेसुध हो गई। गुस्से में उग्र भीड़ ने सड़क पर जाम लगा दिया और विरोध शुरू कर दिया।

घटना नबीगंज रोड, जिला मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र में हुई। मृतक तीनों बच्चे भूड़ नगला गांव के रहने वाले थे। राजन रोज की तरह अपनी चचेरी बहनों काजल (कक्षा 10) और सेजल (कक्षा 6) को गांव के ही स्कूल छोड़ने जा रहा था। जैसे ही बाइक नबीगंज रोड पर पहुंची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायल सेजल को तुरंत मोहम्मदाबाद सीएचसी ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद तीनों बच्चों के शव सड़क किनारे पड़े रहे और परिजन रो-रोकर बेहाल हो गए।

परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका कहना है कि जब तक ड्राइवर गिरफ्तार नहीं होगा, तब तक न शव उठाने देंगे, न पोस्टमॉर्टम होने देंगे।

मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक अरुण सिंह लगातार परिवार को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस डीसीएम के नंबर के आधार पर चालक की तलाश में जुटी हुई है, लेकिन खबर लिखे जाने तक परिजनों ने राजन और काजल के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने से इनकार कर दिया था।

क्षेत्र में माहौल बेहद गमगीन है और ग्रामीणों में आक्रोश बना हुआ है। पुलिस स्थिति सामान्य करने की कोशिश में लगातार लगी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here