फर्रुखाबाद: मसेनी चौराहा के पास हुए भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए किशोर की शनिवार रात उपचार के दौरान मौत हो गई। अमृतपुर थाना क्षेत्र के कुम्हरौर गांव निवासी 17 वर्षीय गोविंद, जो रामनिवास महाविद्यालय में बीएससी का छात्र था, हादसे के बाद लंबे समय से जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा था।घटना कुछ दिन पहले तब हुई थी जब मसेनी चौराहा के पास डंपर और बोलेरो की जोरदार टक्कर में आठ लोग घायल हुए थे और मौके पर ही एक युवक की मौत हो गई थी। इन्हीं घायलों में गोविंद भी शामिल था। हादसे के तुरंत बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे बरेली के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई दिनों तक उसका इलाज चलता रहा, लेकिन स्वास्थ्य में सुधार नहीं हुआ।
शनिवार रात परिजन उसे बेहतर इलाज की उम्मीद में लोहिया अस्पताल लेकर आए, लेकिन यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गोविंद का शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है।
मासूम उम्र में बेटे को खो देने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गोविंद अपने माता-पिता रामकिशोर और देवी का इकलौता पुत्र था। उसकी चार बहनें हैं, जिन पर इस घटना का गहरा भावनात्मक असर पड़ा है। गांव में भी शोक का माहौल है और लोग हादसे पर दुख व्यक्त कर रहे हैं।





