कुंदरकी| मुरादाबाद-आगरा नेशनल हाईवे पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, सवारियों से भरा ऑटो मुरादाबाद से कुंदरकी की ओर जा रहा था। ग्राम भीकनपुर कुलवाड़ा के पास ओवरटेक करने की कोशिश में एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पलटकर सड़क किनारे जा गिरा।
हादसे में कुंदरकी नगर, मोहल्ला नूरुल्ला, निकट पैंठ बाजार निवासी फल विक्रेता जैद (26) पुत्र लियाकत, मझोला थाना क्षेत्र, मोहल्ला जयंतीपुर निवासी ऑटो चालक मोहम्मद सुल्तान (32) पुत्र शमशाद हुसैन, और शाहबाद थाना क्षेत्र, ग्राम भीतरगांव, रामपुर निवासी कृष्णनाथ (19) पुत्र राजेंद्र नाथ की मौके पर ही मौत हो गई।
गंभीर रूप से घायल लोगों की पहचान राजकुमार, निवासी ग्राम भीतरगांव, शाहबाद थाना क्षेत्र, तथा अनीस, निवासी कुंदरकी नगर, मोहल्ला नूरुल्ला निकट पैंठ, के रूप में हुई है। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश के लिए जांच तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी वाहन चालक की पहचान जल्द कर ली जाएगी।


