हाईवे पर भीषण सड़क हादसा: श्री वेंकटेश्वर यूनिवर्सिटी के चार छात्र डॉक्टरों की दर्दनाक मौत

0
25

अमरोहाl बुधवार देर रात नेशनल हाईवे पर दिल दहला देने वाला हादसा हो गया, जिसमें श्री वेंकटेश्वर यूनिवर्सिटी के चार डॉक्टर छात्रों की मौत हो गई। यह हादसा रजबपुर थाना क्षेत्र के अतरासी सर्विस रोड के पास हुआ, जहां फोम के गद्दों से भरी एक कैंटर हाईवे किनारे खड़ी थी। रात करीब 9 बजे दिल्ली नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार तेज रफ्तार में आती हुई अनियंत्रित होकर इस खड़ी कैंटर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि धमाके की आवाज बम विस्फोट जैसी सुनाई दी और कार के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार चारों छात्र बुरी तरह फंस गए, जिन्हें भारी मशक्कत के बाद गैस कटर से काटकर बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैफिक जाम हटवाकर राहत कार्य शुरू कराया। कैंटर का चालक हादसे के बाद फरार हो गया। सीओ सिटी अभिषेक यादव और एसपी अमित कुमार आनंद ने मौके पर पहुंचकर जांच की। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर विस्तृत पड़ताल की। पुलिस का कहना है कि कार की रफ्तार 100 किमी प्रति घंटे से अधिक रही होगी। अचानक खड़ी कैंटर को देखकर चालक छात्र घबरा गया और हैंड ब्रेक का इस्तेमाल नहीं कर सका, जिससे कार सीधे कैंटर में घुस गई।

मृतकों की पहचान हो चुकी है—आयुष शर्मा पुत्र महेश शर्मा निवासी द्वारका सेक्टर-16 दिल्ली, सप्त ऋषि दास पुत्र शुशांत शेखर दास निवासी वार्ड 12 रामनगर अर्थला त्रिपुरा, तीसरे छात्र अर्णव चक्रवर्ती और चौथे छात्र श्रेष्ठ पंचोली के रूप में। सभी 2020 बैच के एमबीबीएस छात्र थे और यूनिवर्सिटी से इंटर्नशिप कर रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही श्री वेंकटेश्वर यूनिवर्सिटी के प्रति कुलाधिपति राजीव त्यागी मौके पर पहुंचे और छात्रों की पहचान कराई। घटनास्थल का मंजर देखकर वे भी भावुक हो उठे।

चार युवा डॉक्टरों की दर्दनाक मौत से यूनिवर्सिटी में शोक की लहर है। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here