– नाराज लोगों ने चालक को पकड़कर पीटा, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
उन्नाव।
जिले के गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक तेज रफ्तार कार ने पहले सड़क किनारे जा रही बाइक को जोरदार टक्कर मारी और फिर सामने से आ रही दूसरी कार में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बेकाबू कार सड़क के डिवाइडर को तोड़ते हुए लोहे की फेंसिंग में फंस गई।
हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत दौड़कर कार चालक को पकड़ा और गुस्से में उसकी पिटाई कर दी। कुछ लोगों ने यह पूरा घटनाक्रम मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि बाइक सवार काफी दूर जाकर गिरा और उसकी बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, दूसरी कार के एयरबैग खुलने से बड़ा हादसा टल गया।
सूचना मिलते ही गंगाघाट कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को किसी तरह शांत कराया। घायल बाइक सवार को अस्पताल भेजा गया, जबकि पुलिस ने बेकाबू कार और उसके चालक को कब्जे में ले लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, चालक से पूछताछ जारी है और वीडियो फुटेज के आधार पर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चालक नशे में हो सकता है या उसे झपकी आ गई थी।






