नशे में कार चलाकर डिलीवरी ब्वॉय को मौत के घाट उतारा, भाई की हालत गंभीर

0
35

लखनऊ| हुसैनगंज में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जब नशे में धुत एक कार चालक ने तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में हीवेट रोड निवासी 39 वर्षीय मनीष कुमार, जो डिलीवरी कंपनी में कार्यरत थे, की मौके पर ही मौत हो गई। उनके छोटे भाई दीपक की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है।

मृतक के भाई नितिन, निवासी हीवेट रोड, ने जानकारी देते हुए बताया कि मनीष शुक्रवार रात छोटे भाई दीपक के साले की शादी से दोनों के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। बाइक मनीष चला रहे थे और दोनों जैसे ही केकेसी कॉलेज के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार से पीछे से आई एक कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि मनीष के सिर से हेलमेट उछलकर दूर जा गिरा और दोनों भाई लगभग 50 मीटर तक सड़क पर घिसटते चले गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई, जबकि आरोपी कार चालक मौका पाकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मनीष को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल दीपक को प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।

नितिन ने बताया कि पुलिस ने मनीष के मोबाइल फोन से परिजनों को घटना की जानकारी दी।

थानाध्यक्ष शिवमंगल सिंह ने बताया कि आरोपी कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने की धारा में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जिसके आधार पर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद है।

मृतक मनीष के परिवार में मातम पसरा है और घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here