मथुरा। थाना बलदेव क्षेत्र के अंतर्गत यमुना एक्सप्रेसवे माइलस्टोन-128 पर सुबह दर्दनाक सड़क हादसा उस वक्त हुआ, जब नोएडा से रायबरेली जा रही तेज रफ्तार यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ी और सड़क किनारे पलट गई। तेज धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर दौड़े और बस के भीतर फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में जुट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई सीटें उखड़कर इधर-उधर बिखर गईं। बस में 60 से अधिक यात्री सवार थे, जिनमें कई महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। हादसे में 16 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा सुविधा के लिए अन्य अस्पतालों में रेफ़र किया गया है।
घटना के तुरंत बाद बचाव कार्य शुरू किया गया। स्थानीय ग्रामीणों, राहगीरों और पुलिस की टीमों ने मिलकर बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। घायल यात्रियों ने बताया कि बस तेज रफ्तार में थी और अचानक झटका लगते ही बस डिवाइडर पर चढ़ गई। कई यात्रियों को बस के भीतर गिरने और सीटों से टकराने के कारण चोटें आईं।
हादसे के बाद सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि बस का ड्राइवर और कंडक्टर मौके से फरार हो गए। यात्रियों ने बताया कि बस चालक ने पूरी यात्रा के दौरान वाहन को तेज गति में ही चलाया, जिस वजह से कई बार बस लड़खड़ाई भी, पर चालक ने गति कम नहीं की।
मौके पर पहुंची पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि ड्राइवर-कंडक्टर के फरार होने से यह शक और गहरा हो गया है कि कहीं दुर्घटना में लापरवाही या ओवरस्पीडिंग प्रमुख कारण न हों। पुलिस टीमों को उनके संभावित ठिकानों पर भेजा गया है





