भीषण सड़क हादसा, दो चचेरे भाइयों की मौत से परिवारों में मचा कोहराम

0
113

फर्रुखाबाद| कायमगंज क्षेत्र में रविवार रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया, जिसने पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी। रायपुर निवासी दो चचेरे भाई—अतुल शाक्य (28) और नीतेश—अपनी बाइक से कायमगंज रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे थे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। दोनों युवकों के निधन से परिजनों में मातम पसरा है और गाँव में गम का माहौल है।जानकारी के मुताबिक, नीतेश दिल्ली में काम करता था और शुक्रवार को एक पारिवारिक शादी में शामिल होने के लिए अपने घर आया था। रविवार रात वह दिल्ली वापस लौटने के लिए अपने चचेरे भाई अतुल के साथ बाइक से कायमगंज रेलवे स्टेशन जा रहा था। जैसे ही वे कायमगंज–कम्पिल मार्ग पर जिजपुरा गांव के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चकनाचूर हो गई और दोनों युवक सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज भेजा। वहां डॉक्टरों ने अतुल को मृत घोषित कर दिया। नीतेश की हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल डॉ. राम मनोहर लोहिया, फर्रुखाबाद रेफर किया गया। लेकिन डॉक्टरों के प्रयास के बावजूद उसने भी कुछ ही देर बाद दम तोड़ दिया।दोनों युवकों की मौत की खबर से पूरे परिवार में कोहराम मच गया। घर की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जाता है कि अतुल की शादी को अभी केवल दो साल ही हुए थे और वह परिवार का सबसे छोटा बेटा था। वहीं नीतेश की अभी शादी भी नहीं हुई थी। दोनों दिल्ली में रहकर अपने परिवार का सहारा बने हुए थे। हादसे की सूचना मिलते ही अतुल की मां शांति देवी, पत्नी सपना और अन्य परिजन अस्पताल में पहुंचे, जहां बच्चों का शव देखकर सभी बदहवास हो गए।हादसे के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है। लोग घटना को लेकर गहरी नाराजगी जता रहे हैं और कहते हैं कि कायमगंज–कम्पिल रोड पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार आए दिन दुर्घटनाओं को न्योता देती है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि इस मार्ग पर पुलिस गश्त और गति नियंत्रण की व्यवस्था कड़ी की जाए, ताकि ऐसे दर्दनाक हादसों पर रोक लग सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here