तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से दो बाइक सवारों की दर्दनाक मौत*

0
31

kanpur| कस्बा क्षेत्र के हमीरपुर रोड पर चौरसिया पेट्रोल पंप के आगे एग्री जंक्शन वन स्टॉप शॉप के पास एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के समय दोनों ने हेलमेट नहीं लगाया था, जिससे चोटें घातक साबित हुईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद अज्ञात वाहन बाइक को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए एक घर के दरवाजे पर ले गया। इसके बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर दोनों युवकों को सीएचसी ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान महोबा जनपद के थाना चरखारी के रिवई गांव निवासी अंकित (26) और उसके मित्र जयहिंद (25) पुत्र मंगल राठौर के रूप में की गई। परिजनों ने बताया कि दोनों रविवार शाम घर से बिना बताए कहीं निकल गए थे। आशंका जताई जा रही है कि वे न्यूरिया स्थित रिश्तेदारी से लौटते समय हादसे का शिकार हुए।

परिजनों के अनुसार अंकित तीन बहनों का अकेला भाई था, जबकि जयहिंद अपने पिता की मृत्यु के बाद अनुकंपा पर स्वास्थ्य विभाग में नौकरी कर रहा था। दोनों अविवाहित थे और आपस में घनिष्ठ मित्र थे। पुलिस को अंकित की जेब से एक डांस पार्टी बुकिंग की पर्ची भी मिली, जिसके आधार पर उनकी पहचान की पुष्टि की गई।

थाना प्रभारी निरीक्षक योगेश तिवारी ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों से तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आरोपी वाहन की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं से कस्बे में दहशत का माहौल है। लोग प्रशासन से सख्त कार्रवाई और सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here