36 C
Lucknow
Sunday, April 12, 2026

भीषण हादसा: कोयला लदा कंटेनर पलटने से मची चीख-पुकार, मासूम समेत दो की मौत, कई घायल

Must read

कन्नौज

छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके को दहला दिया। तालग्राम रोड स्थित भाऊलपुर चौराहे के पास कोयले से लदा एक भारी कंटेनर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया, जिससे आसपास मौजूद कई लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चारों ओर चीख-पुकार गूंज उठी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब आठ बजे छिबरामऊ की ओर जा रहा कंटेनर अचानक संतुलन खो बैठा और सड़क किनारे लगे खोखे को टक्कर मारते हुए पलट गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे राहगीर और बाइक सवार लोग कंटेनर के नीचे दब गए। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कुछ लोगों के अंग-भंग होकर दूर तक बिखर गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं। राहत और बचाव कार्य के लिए जेसीबी मशीनें लगाई गईं, लेकिन कंटेनर के भारी वजन के कारण उसे हटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। अब तक दो शवों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया है, जबकि कई अन्य लोगों के दबे होने की आशंका के चलते सर्च ऑपरेशन जारी है।
हादसे में मृतकों की पहचान नगला दुर्गा (कसावा) निवासी राजू बाथम की 14 वर्षीय पुत्री अंकिश और भाऊलपुर निवासी राधेश्याम के 74 वर्षीय पुत्र कन्हैया लाल के रूप में हुई है। दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, हादसे में घायल हुए बंचपुर निवासी अंकित कुमार (20) और सोनू (14) समेत अन्य घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
मौके पर सीओ सुरेश मालिक, कोतवाल कपिल दुबे सहित कई थानों की पुलिस मौजूद रही और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और राहगीर मौके पर जुट गए, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा। सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक अर्चना पांडे, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रिया शाक्य सहित कई जनप्रतिनिधि भी घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया।
फिलहाल प्रशासन द्वारा घायलों के बेहतर उपचार और मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने की बात कही जा रही है। वहीं, हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है और लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article