गोंडा
जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। मनकापुर क्षेत्र के मछली बाजार-सादुल्लानगर मार्ग स्थित अमघटी पुल के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे में मृत युवक की पहचान अमित कुमार (18) निवासी बैरीपुर रामनाथ गांव के रूप में हुई है। वह पेशे से ई-रिक्शा मैकेनिक था और रविवार सुबह अपनी दुकान से घर लौट रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और सवार उछलकर दूर सड़क पर जा गिरे।
घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और घायलों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं एक घायल को परिजनों ने सादुल्लानगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर आए दिन हादसे होते रहते हैं, लेकिन इसके बावजूद यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से सड़क पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।


