24 C
Lucknow
Wednesday, April 8, 2026

तेज रफ्तार कार का कहर, फर्रुखाबाद के युवक की इटावा में मौत, चाचा गंभीर घायल

Must read

फर्रुखाबाद। जनपद से जुड़े एक दर्दनाक सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। इटावा जनपद के ताखा (ऊसराहार) क्षेत्र में इटावा-किशनी मार्ग पर सोमवार शाम एक बेकाबू कार ने बाइक सवार चाचा-भतीजे को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के टुकड़े-टुकड़े हो गए और दोनों सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत मानवता दिखाते हुए दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन 28 वर्षीय शिवम यादव ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं, उनके चाचा अनुराग की हालत नाजुक बनी हुई है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जवाहर नगर निवासी अखिलेश यादव का पुत्र शिवम अपने चाचा अनुराग के साथ बाइक से अपने ननिहाल जा रहा था। शाम करीब 7 बजे जैसे ही वे चौबिया थाना क्षेत्र के करी पुलिया के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के वक्त दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे चोटें और भी घातक साबित हुईं।
टक्कर मारने के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में आक्रोश भी देखने को मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। मृतक शिवम की शादी अभी पांच महीने पहले ही आगरा के फतेहाबाद में हुई थी। नई-नई शादी की खुशियां अभी खत्म भी नहीं हुई थीं कि इस दर्दनाक हादसे ने सब कुछ उजाड़ दिया। पत्नी पूनम और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। शिवम अपने परिवार में सबसे बड़ा बेटा था और घर की जिम्मेदारियों का मुख्य सहारा भी था।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। थाना प्रभारी बलराज सिंह भाटी ने बताया कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फरार कार चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article