इटावा।जनपद में नेशनल हाईवे-19 पर एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। थाना इकदिल क्षेत्र के मनियामऊ के पास स्लीपर बस ने कंटेनर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, बस दिल्ली से बिहार जा रही थी और उसमें करीब 40 यात्री सवार थे। अचानक बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे कंटेनर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।
इस दर्दनाक हादसे में बस चालक, जो मैनपुरी का निवासी बताया जा रहा है, की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कई यात्री घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
पुलिस ने मृतक चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है।
इस घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। प्रशासन ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने और सुरक्षित गति से वाहन चलाने की अपील की है।
एनएच -19 पर भीषण हादसा: स्लीपर बस ने कंटेनर में मारी टक्कर, चालक की मौत, कई घायल


