35.2 C
Lucknow
Monday, March 16, 2026

तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार पल्लेदार की मौत, परिवार में मचा कोहराम

Must read

फर्रुखाबाद| रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जिला जेल से सेंट्रल जेल जाने वाले मार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार पल्लेदार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में उपचार के लिए लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव रामपुरा निवासी लगभग 30 वर्षीय विजय जाटव के रूप में हुई है। विजय जाटव एक कोल्ड स्टोरेज में पल्लेदारी का काम करता था और अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए मेहनत मजदूरी करता था। रविवार देर रात वह कोल्ड स्टोर में काम खत्म करने के बाद अपनी बाइक से घर लौट रहा था।
बताया गया कि विजय के पीछे उसके चाचा उमेश और भाई मोहन साइकिल से आ रहे थे। जैसे ही विजय कोल्ड स्टोरेज से कुछ दूरी आगे बढ़ा, तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रैक्टर ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि विजय सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर में गंभीर चोटें आ गईं। बताया जा रहा है कि उस समय उसने हेलमेट नहीं पहना था, जिसके कारण सिर में गंभीर चोट लग गई।
हादसे के बाद विजय के चाचा उमेश और भाई मोहन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल विजय को तत्काल लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल प्रशासन ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया और पुलिस को मामले की जानकारी दी।
मृतक के चाचा उमेश ने बताया कि विजय जाटव अपने परिवार में सबसे बड़ा था। उसके दो छोटे भाई मोहन और विनय तथा दो बहनें हैं। उसकी माता का नाम चंद्रमुखी और पिता का नाम राम कीर्तन जाटव है। विजय की अचानक मौत से परिवार के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article