मुरादाबाद| रामपुर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे पर आगे चल रही ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी, जिससे भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में कार सवार चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग व पुलिस टीम राहत-बचाव में जुट गई।
यह हादसा सोमवार सुबह उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के मूंढापांडे थाना क्षेत्र में मनकरा मोड़ के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार काफी तेज गति से चल रही थी और अचानक सामने चल रही ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही मूंढापांडे थाना पुलिस और हाईवे पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला और तुरंत मूंढापांडे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां मौजूद डॉक्टरों ने कार में सवार पांच युवकों में से चार को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार हादसे में मृतकों की पहचान नैनीताल जिले के हल्द्वानी क्षेत्र के निवासी दयाल रावत (निवासी वीमिला कंपाउंड, पालीवाल, नैनीताल), अनिल नेगी (38 वर्ष), सुंदर सैनी (42 वर्ष) और भुवन भंडारी (37 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं कार चला रहे यशदीप पांडे, निवासी हल्द्वानी, गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
सीओ हाईवे राजेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। वहीं पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।
इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है।
भीषण सड़क हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुसी कार, नैनीताल के चार युवकों की मौत, एक गंभीर घायल


