37.6 C
Lucknow
Thursday, March 12, 2026

अज्ञात वाहन की टक्कर से नंदी घायल, गौरक्षा दल ने उपचार कर बचाई जान

Must read

फर्रुखाबाद। अमृतपुर कस्बे के पास बीती रात लगभग 10 बजे एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से एक नंदी गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि नंदी सड़क पर अचेत अवस्था में गिर पड़ा और काफी देर तक वहीं तड़पता रहा। घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल नंदी को देखकर उसे बचाने का प्रयास शुरू किया।
ग्रामीणों ने देखा कि नंदी लहूलुहान हालत में सड़क के बीच पड़ा हुआ है। उसे उठाने और खड़ा करने की कोशिश की गई, लेकिन वह अचेत अवस्था में पड़ा रहा। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत गौरक्षा दल के कार्यकर्ताओं को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही गौरक्षा दल के सदस्य अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंच गए और घायल नंदी की सहायता में जुट गए।
गौरक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने तत्काल एक पशु चिकित्सक को मौके पर बुलाया। पशु चिकित्सक ने मौके पर पहुंचकर नंदी का प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टर ने उसकी मरहम-पट्टी की और आवश्यक इंजेक्शन लगाए, जिसके कुछ समय बाद नंदी को होश आ गया और उसकी हालत में धीरे-धीरे सुधार होने लगा।
इसके बाद गौरक्षा दल के करीब एक दर्जन से अधिक सदस्यों और ग्रामीणों ने मिलकर घायल नंदी को सड़क से हटाकर किनारे पटरी पर लिटाया, ताकि यातायात बाधित न हो और नंदी को आराम मिल सके। देर रात जब उसकी स्थिति कुछ बेहतर हुई तो उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाकर पास के खेतों की ओर छोड़ दिया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में छुट्टा गौवंश की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे आए दिन सड़क हादसों का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि सड़कों पर घूम रहे छुट्टा पशुओं के लिए उचित व्यवस्था की जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके और पशुओं के साथ-साथ लोगों की भी सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article