फर्रुखाबाद। कायमगंज–फर्रुखाबाद मार्ग पर बुधवार सुबह ओवरटेकिंग के दौरान दो बसों के बीच हुई टक्कर के बाद एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा रही पापड़ी की ठेली से टकरा गई। हादसे में ठेली पलट गई और उस पर रखा सामान सड़क पर बिखर गया। हालांकि ठेला चालक बाल-बाल बच गया, लेकिन उसे हजारों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार थाना शमसाबाद क्षेत्र के ग्राम फरीदपुर सैदवाड़ा निवासी अंकित कुमार फैज बाग चौराहे पर पापड़ी और चाऊमीन की ठेली लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। बुधवार सुबह करीब 7 बजे वह अपनी ठेली लेकर फैज बाग की ओर जा रहा था। इसी दौरान कायमगंज–फर्रुखाबाद मार्ग पर थाना क्षेत्र के ग्राम रजलामई के पास ओवरटेकिंग करते समय दो बसें आपस में टकरा गईं।
बताया गया कि एक बस का कोना दूसरी बस से टकराने के बाद उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सामने से गुजर रही पापड़ी की ठेली से जा टकराई। बस की टक्कर लगते ही ठेली पलट गई और उस पर रखा सारा सामान सड़क पर बिखर गया।
दुर्घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। आक्रोशित लोगों ने बस को रोक लिया और ठेला चालक को हुए नुकसान की भरपाई की मांग करने लगे। इस दौरान कुछ देर तक मौके पर कहासुनी और विवाद की स्थिति बनी रही।
घटना की सूचना किसी ने डायल 112 पर दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। दुर्घटना के कारण सड़क पर ठेली का सामान फैल जाने से दिल्ली मार्ग पर जाम जैसे हालात बन गए और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पलटी ठेली और बिखरे सामान को सड़क से हटवाया, जिसके बाद आवागमन सुचारु कराया जा सका। बताया जा रहा है कि इस हादसे में पापड़ी विक्रेता को काफी आर्थिक नुकसान हुआ है और मुआवजे को लेकर कुछ देर तक विवाद की स्थिति बनी रही।
इस संबंध में पुलिस चौकी फैज बाग से जानकारी करने पर बताया गया कि घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। हालांकि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। यदि तहरीर मिलती है तो मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ओवरटेकिंग के दौरान बस की टक्कर से पापड़ी की ठेली पलटी, चालक बाल-बाल बचा, दिल्ली मार्ग पर लगा जाम


