
अमृतपुर फर्रूखाबाद| अमृतपुर थाना क्षेत्र के तौफीक गांव के पास मंगलवार को घने कोहरे के चलते एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रोडवेज बस और मछलियों से भरी पिकअप के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में रोडवेज बस का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि पिकअप वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार मछलियों से लदी पिकअप मुरादाबाद से कन्नौज की ओर जा रही थी। जैसे ही वाहन तौफीक गांव के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही रोडवेज बस से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप की एक तरफ की बॉडी पूरी तरह फट गई और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में रोडवेज बस के चालक कृष्ण कुमार उर्फ राणा गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष रक्षा सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की मदद से घायल चालक को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी राजेपुर भिजवाया।
दुर्घटना के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। उपनिरीक्षक कल्लू सिंह ने पुलिस टीम के साथ मौके पर मौजूद रहकर यातायात व्यवस्था संभाली और काफी प्रयासों के बाद जाम खुलवाकर आवागमन सुचारु कराया।
पिकअप चालक विशाल ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मुरादाबाद से कन्नौज जा रहा था, तभी घने कोहरे के कारण यह हादसा हो गया। दुर्घटना में उसके एक साथी के हाथ में भी चोट आई है।
थाना अध्यक्ष रक्षा सिंह ने बताया कि घना कोहरा होने के कारण यह दुर्घटना हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


