फर्रुखाबाद। इटावा-बरेली हाईवे पर गुरुवार देर रात एक कार और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही राजेपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार राजेपुर थाना क्षेत्र में महमदपुर गढ़िया गांव के सामने गुरुवार रात करीब 11 बजे यह सड़क दुर्घटना हुई। पुलिस के मुताबिक हरदोई जनपद के सवायजपुर थाना क्षेत्र के मुरछा गांव निवासी 45 वर्षीय मनोज भदौरिया पुत्र अहिवरन अपनी मोटरसाइकिल (यूपी 30 डीएल 9240) से घटियाघाट, फर्रुखाबाद की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि वह शराब के नशे में बाइक चला रहे थे।
इसी दौरान फर्रुखाबाद की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार (यूपी 30 बीई 5888) से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। कार को हरदोई जिले के अरवल थाना क्षेत्र के सिया गांव निवासी धर्मेंद्र के पुत्र आयुष्मान सिंह उर्फ गोलू चला रहे थे।
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक और कार दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और दोनों वाहन चालक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को दी।
सूचना मिलते ही राजेपुर थाना पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल जिला डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद भेजा गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
राजेपुर थाना पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटना के संबंध में जांच की जा रही है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है और मामले की पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और नशे की हालत में वाहन न चलाएं, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।
इटावा-बरेली हाईवे पर कार और बाइक की जोरदार टक्कर, दोनों चालक गंभीर घायल


