फर्रुखाबाद। जनपद के मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में निजी विद्यालय के शिक्षक रणवीर सिंह (50) की मौत हो गई। वह अपने चचेरे भाई के साथ तेरहवीं संस्कार में शामिल होकर बाइक से घर लौट रहे थे, तभी सामने से आ रही आलू लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव 32 कन्हैया याकूबपुर निवासी रणवीर सिंह शहर के एक निजी विद्यालय में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। शुक्रवार शाम वह अपने चचेरे भाई भगत के साथ मदनापुर गांव में आयोजित तेरहवीं संस्कार में शामिल होने गए थे। देर रात करीब सवा नौ बजे दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। जब वे जनेया-सिठेया गांव के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही आलू लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि रणवीर सिंह सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। बताया जा रहा है कि उन्होंने हेलमेट नहीं पहन रखा था, जिससे चोट और गहरी हो गई। वहीं पीछे बैठे चचेरे भाई भगत उछलकर दूर जा गिरे, जिससे उन्हें मामूली चोटें आईं और उनकी जान बच गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल रणवीर सिंह को तत्काल डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल, फर्रुखाबाद ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शिक्षक की अचानक मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक के परिवार में मां रानी देवी, पत्नी बिनीता, बेटा आयुष व पीयूष, हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शनिवार को पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मोहम्मदाबाद कोतवाली पुलिस अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश में जुटी है।
इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और हेलमेट की अनिवार्यता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार भारी वाहनों पर नियंत्रण और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
दर्दनाक सड़क हादसा: निजी विद्यालय के शिक्षक रणवीर सिंह की मौत, परिवार में मचा कोहराम


