मोहम्मदाबाद| 

इटावा बरेली हाईवे पर रोज होता है मौत का खेल कई परिवार के घर का चिराग बुझा, जिम्मेदार नहीं ले रहे संज्ञान,

इटावा–बरेली हाईवे पर देर रात दो ट्रैक्टरों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में एक ट्रैक्टर सवार युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल से हायर सेंटर रेफर किया गया है।
मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम हरकमपुर निवासी 28 वर्षीय धीरेंद्र कुमार उर्फ धीरू, पुत्र अवधेश सिंह, अपने साथियों 23 वर्षीय दीपक, पुत्र रामवीर सिंह तथा सुखेंद्र, पुत्र प्रेम सिंह के साथ ट्रैक्टर पर आलू लादकर फर्रुखाबाद स्थित एसआर कोल्ड स्टोरेज जा रहे थे।
जब उनका ट्रैक्टर इटावा–बरेली हाईवे (NH-730C) पर पीपर गांव चौराहे से लगभग 100 मीटर आगे पहुंचा, तभी सामने से आ रहे दूसरे ट्रैक्टर ने तेज रफ्तार व लापरवाही से टक्कर मार दी। इस हादसे में धीरेंद्र कुमार और दीपक गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को निजी वाहन से डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक एन. हुड्डा ने धीरेंद्र कुमार को मृत घोषित कर दिया। शव को मोर्चरी में रखवाकर, मृतक के बड़े भाई धर्मेंद्र कुमार की सूचना पर उप निरीक्षक आशु यादव ने पंचनामा भरते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घायल दीपक की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
मृतक धीरेंद्र कुमार आठ भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा है। मृतक की मां मुन्नी देवी, पत्नी वंदना, 4 वर्षीय पुत्री कशिश और 2 वर्षीय पुत्र वंश का रो-रोकर बुरा हाल है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि प्रार्थना पत्र प्राप्त हो गया है। मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here