28.7 C
Lucknow
Monday, February 23, 2026

ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराकर तीन छात्रों की मौत

Must read

रामपुर| जिले के टांडा क्षेत्र के दढ़ियाल मार्ग पर सोमवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हाईस्कूल की परीक्षा देने जा रहे चार छात्र बाइक से परीक्षा केंद्र की ओर जा रहे थे, तभी आगे चल रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। पीछे से आ रहे बाइक सवार छात्र संभल नहीं सके और ट्रॉली में जा भिड़े। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृत छात्रों की पहचान अरुण, विनय और मनु के रूप में हुई है। घायल छात्र बादल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। अरुण मूल रूप से मुरादाबाद का निवासी था और फत्तावाला में अपनी नानी के घर रहकर पढ़ाई कर रहा था, जबकि विनय और मनु दढ़ियाल क्षेत्र के रहने वाले थे। तीनों की एक साथ मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या चारों छात्र एक ही बाइक पर सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जा रही है।

ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक फरार बताया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी चालक की तलाश जारी है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article