दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली ने पति-पत्नी को रौंदा, बच्ची की हालत नाजुक

0
58

घर के बाहर टीन शेड में सो रहे थे परिवार के तीन सदस्य | पुवायां थाना क्षेत्र के सुनहरा गांव में मचा कोहराम

शाहजहांपुर।
जनपद के थाना पुवायां क्षेत्र के सुनहरा गांव में देर रात हुए एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने घर के बाहर टीन शेड में सो रहे दंपती और उनकी छोटी बच्ची को कुचल दिया। हादसे में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे बने टीन शेड में जा घुसा, जहां परिवार सो रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि टीन शेड पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गया। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
ग्रामीणों ने हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर घायल बच्ची को मलबे से बाहर निकाला और तत्काल पुवायां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उसकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष पुवायां ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया गया है और चालक की तलाश में टीमें लगा दी गई हैं।
स्थानीय लोगों में इस दर्दनाक घटना को लेकर भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि रात में तेज रफ्तार ट्रैक्टर और ट्रॉली अक्सर बिना लाइट के गुजरते हैं, जिससे हादसों की संभावना बनी रहती है।
सुनहरा गांव में दंपती की मौत से मातम पसरा हुआ है। गांव के लोगों ने प्रशासन से मृतक परिवार को उचित मुआवजा और घायल बच्ची के इलाज की व्यवस्था की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here