संभल| असमोली थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में हाईस्कूल परीक्षा देने जा रहे दो छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार थाना असमोली के गांव खेमपुर निवासी 16 वर्षीय छात्र दीपक अपने साथियों अभय शर्मा और विशाल के साथ एक ही बाइक से शाहपुर चामरान स्थित इंटर कॉलेज में हाईस्कूल का पेपर देने जा रहा था। सुबह के समय जैसे ही उनकी बाइक सैंधरी अड्डे के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। दूसरी बाइक एंचोडा कंबोह निवासी छात्र मुख्तार चला रहे थे। उनके साथ एंचोडा कंबोह का ही एक अन्य युवक सवार था, जिसकी शिनाख्त समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों पर सवार पांचों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे। आसपास मौजूद राहगीरों और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। हादसे में दीपक और मुख्तार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। जबकि विशाल, विपिन तथा दूसरी बाइक पर सवार अज्ञात युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है। घटना से खेमपुर और एंचोडा कंबोह गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here