अमृतपुर फर्रुखाबाद| थाना राजेपुर क्षेत्र के अमृतपुर रोड पर रविवार देर रात एक हृदयविदारक सड़क हादसे में 50 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विश्वनाथ सिंह पुत्र सूर्य बक्श सिंह, निवासी ग्राम वीरपुर हरिहरपुर, थाना राजेपुर, जनपद फर्रुखाबाद, रविवार रात्रि करीब 2:30 बजे एक मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद अमृतपुर रोड स्थित दूसरे मंदिर की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि वह धार्मिक आस्था के तहत रात्रि में पूजा करने निकले थे।
इसी दौरान अमृतपुर रोड पर किसी अज्ञात वाहन चालक ने तेज गति एवं लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि विश्वनाथ सिंह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना राजेपुर के प्रभारी निरीक्षक सुदेश कुमार विश्वकर्मा पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का प्रतीत हो रहा है। अज्ञात वाहन और चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार क्षेत्र में शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम है और कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि रात्रि में तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here