कार पोल से टकराने से हुआ
– हादसा, दावत से लौटते समय हुई दुर्घटना
मोहम्मदाबाद/फर्रुखाबाद। संकिसा रोड पर ग्राम बहादुर नगला के पास बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक की पहचान थाना मेरापुर क्षेत्र के ग्राम अछरोड़ा निवासी चंद्र प्रकाश के पुत्र मोहनलाल राजपूत (30 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया गया है कि मोहनलाल अपने गांव के ही कमलेश राजपूत के साथ स्विफ्ट डिजायर कार से थाना कमालगंज क्षेत्र के ग्राम गोपालपुर में एक दावत में शामिल होने गए थे।
रात तीन बजे हुआ हादसा
दावत से लौटते समय रात लगभग 3 बजे जब उनकी कार ग्राम बहादुर नगला के पास पहुंची, तभी वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराई और झाड़ियों में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
सूचना मिलते ही 112 नंबर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने कार का शीशा तोड़कर मोहनलाल को बाहर निकाला, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। हादसे में घायल कमलेश राजपूत को उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया संयुक्त चिकित्सालय भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मोहनलाल सेवानिवृत्त दरोगा की सराय स्थित देशी शराब के ठेके पर कार्यरत था। उसके परिवार में पत्नी सपना, लगभग 10 वर्षीय पुत्र तथा अन्य परिजन हैं। अचानक हुई इस घटना से पत्नी व परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक का माहौल है और लोगों की भीड़ सांत्वना देने के लिए जुट रही है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया है। प्रथम दृष्टया मामला वाहन अनियंत्रित होने का प्रतीत हो रहा है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here