फर्रुखाबाद। कमालगंज थाना क्षेत्र के खुदागंज में शनिवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 15 वर्षीय किशोर गौतम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका 14 वर्षीय साथी रजित गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम छा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फर्रुखाबाद निवासी गौतम (15) और रजित (14) न्यू विशाल बैंड में लाइटिंग का काम करते थे। शनिवार को दोनों गुरसहायगंज में एक बारात कार्यक्रम में लाइटिंग का काम करने के लिए जा रहे थे। बताया जा रहा है कि खुदागंज के पास अचानक तेज रफ्तार बोलेरो ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों किशोर सड़क पर दूर जा गिरे।
स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों को उठाकर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था की। परिजनों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद एंबुलेंस समय से नहीं पहुंची, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। बाद में निजी वाहन से दोनों को अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर विकास पटेल ने गौतम को मृत घोषित कर दिया। वहीं रजित की हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी टांग में फ्रैक्चर है और उसका उपचार जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष अवध नारायण पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना अध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपी बोलेरो चालक की तलाश तेज कर दी गई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
गौतम की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले में भी शोक की लहर दौड़ गई है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।





