35.2 C
Lucknow
Monday, March 16, 2026

पढ़ाई छोड़ बच्चों से कराया जा रहा काम, ऊपर से ‘लंच के बाद लगती है हाजिरी

Must read

प्राथमिक विद्यालय का वीडियो वायरल, शिक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

फर्रुखाबाद। विकासखंड कमालगंज क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय पट्टीया छेदा सिंह से शिक्षा व्यवस्था की हकीकत उजागर करने वाला एक वीडियो सामने आया है। वायरल वीडियो में जहां एक ओर बच्चे पढ़ाई की जगह विद्यालय परिसर में काम करते दिखाई दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उपस्थिति रजिस्टर को लेकर प्रधानाध्यापिका का बयान भी सवालों के घेरे में आ गया है।
मिली जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो में विद्यालय के बच्चे पढ़ाई करने के बजाय काम करते नजर आ रहे हैं। शिक्षा के लिए विद्यालय पहुंचे मासूमों से इस तरह काम कराया जाना न केवल नियमों के खिलाफ है, बल्कि सरकारी स्कूलों की व्यवस्था पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।
इसी दौरान ग्राम प्रधान के पुत्र संदीप कठेरिया ने विद्यालय की प्रधानाध्यापिका मीना परिहार से उपस्थिति रजिस्टर को लेकर सवाल किया। उन्होंने पूछा कि विद्यालय में शिक्षकों की उपस्थिति कब दर्ज की जाती है। इस पर प्रधानाध्यापिका द्वारा कथित रूप से कहा गया कि वह उपस्थिति लंच के बाद लगाती हैं।
वीडियो सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। एक ओर बच्चों से पढ़ाई की जगह काम कराया जा रहा है और दूसरी ओर समय पर उपस्थिति दर्ज न किए जाने की बात सामने आ रही है, जिससे विद्यालय की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जब इस पूरे मामले में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी विद्यालयों में पहले ही पढ़ाई की गुणवत्ता को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में बच्चों से काम कराना और नियमों की अनदेखी करना शिक्षा व्यवस्था के लिए बेहद चिंताजनक है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अब देखना यह होगा कि शिक्षा विभाग के जिम्मेदार अधिकारी इस वायरल वीडियो को संज्ञान में लेकर क्या कदम उठाते हैं और विद्यालय की व्यवस्था में सुधार के लिए क्या कार्रवाई की जाती है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article