30 C
Lucknow
Friday, April 3, 2026

समता एक्सप्रेस के एसी कोच में धुआं-चिंगारी से मचा हड़कंप, आगरा में रोकी गई ट्रेन

Must read

आगरा

शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब नई दिल्ली से विशाखापट्टनम जा रही समता एक्सप्रेस के एसी कोच के पहियों से अचानक धुआं और चिंगारियां निकलने लगीं। घटना बिल्लोचपुरा रेलवे स्टेशन के पास सामने आई, जहां तकनीकी खराबी के चलते यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि समय रहते ट्रेन को रोककर बड़ा हादसा टाल दिया गया।
जानकारी के अनुसार, समता एक्सप्रेस के एसी तृतीय श्रेणी कोच बी-5 में मथुरा से आगे बढ़ने के बाद अचानक ‘हॉट एक्सल’ की समस्या उत्पन्न हो गई। इस कारण कोच के पहियों से चिंगारियां निकलने लगीं और धुआं उठने लगा। धीरे-धीरे धुआं कोच के अंदर तक पहुंचने लगा, जिससे यात्रियों में भय का माहौल बन गया। अनहोनी की आशंका से घबराए कई यात्री तुरंत कोच से नीचे उतर गए और स्टेशन पर इधर-उधर भागने लगे।
स्थिति को देखते हुए रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए बिल्लोचपुरा स्टेशन पर ट्रेन को रोक दिया। लगभग 23 मिनट तक ट्रेन वहीं खड़ी रही और तकनीकी टीम ने कोच की प्राथमिक जांच की। इसके बाद ट्रेन को सावधानीपूर्वक आगरा कैंट स्टेशन के लिए रवाना किया गया।
आगरा कैंट स्टेशन पहुंचने के बाद एक बार फिर कोच की विस्तृत जांच की गई, जिसमें करीब 32 मिनट का समय लगा। रेलवे अधिकारियों ने हॉट एक्सल की समस्या को ठीक करने के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया। इस पूरी घटना के चलते गतिमान एक्सप्रेस, ताज एक्सप्रेस और होशियारपुर एक्सप्रेस समेत आधा दर्जन ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित रहा, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि हॉट एक्सल जैसी तकनीकी खराबियां अचानक उत्पन्न हो जाती हैं, लेकिन सतर्कता और समय पर कार्रवाई से बड़े हादसे टाले जा सकते हैं। फिलहाल घटना की जांच की जा रही है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। वहीं, यात्रियों ने राहत की सांस ली कि समय रहते ट्रेन रोक ली गई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article