शाहजहांपुर। जनपद के जैतीपुर क्षेत्र के गांव नौगमा गोविंदपुर के लिए गर्व का क्षण है। गांव निवासी विश्राम यादव के होनहार पुत्र अभिषेक यादव का चयन भारतीय सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में हुआ है। जैसे ही अभिषेक के चयन की खबर गांव में पहुंची, पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की।
अभिषेक यादव अपने कठिन प्रशिक्षण के लिए आज ट्रेनिंग केंद्र के लिए रवाना हो गए। इस मौके पर परिवार के लोगों, मित्रों और ग्रामीणों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सभी ने उन्हें देश की सेवा में समर्पित रहने और गांव व जिले का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
अभिषेक ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के आशीर्वाद, अनुशासन और निरंतर मेहनत को दिया। उन्होंने कहा कि बचपन से ही उनका सपना देश की सेवा करने का था और अब बीएसएफ में चयन होने के बाद उनका यह सपना साकार हो गया है।

गांव के गणमान्य नागरिकों ने कहा कि अभिषेक यादव का बीएसएफ में चयन पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। इससे क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी प्रेरणा मिलेगी कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो तो कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।
ग्रामीणों ने कहा कि अभिषेक अब देश की सीमाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाएंगे, जो पूरे गांव और जनपद के लिए सम्मान की बात है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य और सफल सेवा जीवन की कामना की।


