कानपुर| किदवईनगर थाना क्षेत्र में एक दुखद घटना सामने आई, जिसमें एक आवारा सांड़ ने 82 वर्षीय परचून दुकानदार प्रकाश नारायण तिवारी पर हमला कर उनकी जान ले ली। वृद्ध दुकानदार सब्जी लेने के लिए घर से निकले थे, तभी कूड़ाघर के पास खड़ा सांड़ अचानक उन पर हमला कर गया और उन्हें सींग में फंसाकर पटक दिया।
परिजन तुरंत उन्हें निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जूही बारादेवी निवासी प्रकाश नारायण तिवारी लंबे समय से परचून दुकान चला रहे थे। परिवार में उनकी पत्नी उमा और दो बेटे आशुतोष व अरविंद हैं। बेटे अरविंद ने बताया कि सुबह उनके पिता जैसे ही सब्जी लेने निकले, सांड़ ने उन पर अचानक हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
इलाके के लोगों ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह उन्हें सांड़ के चंगुल से बचाया और तुरंत मदद के लिए सूचना दी। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर उन्हें बचाया नहीं जा सका। घटना के बाद इलाके में लोग डर और दहशत में हैं। ग्रामीण और स्थानीय निवासियों ने बताया कि आवारा जानवर लगातार इलाके में आतंक मचा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम को कई बार शिकायत देने के बावजूद आवारा जानवरों को पकड़ने में कामयाबी नहीं मिली है। पिछले कुछ समय में दो बार महापौर द्वारा अभियान चलवाया गया, लेकिन इसके बावजूद जानवरों का आतंक कायम है।
किदवईनगर थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं थी। वहीं नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने कहा कि आवारा जानवरों को पकड़ने के लिए अभियान रोजाना चल रहा है। कैटिल कैचिंग वाहनों और टीमों के माध्यम से जानवरों को पकड़ने का काम किया जाता है, लेकिन ज्यादातर जानवर ग्रामीण इलाकों से शहर में भोजन की तलाश में आ जाते हैं, जिससे यह समस्या उत्पन्न होती है।




