33 C
Lucknow
Monday, April 6, 2026

तेज आंधी से राजेपुर गंगापार क्षेत्र में बिजली गुल

Must read

फर्रुखाबाद

राजेपुर गंगापार क्षेत्र में रविवार से आई तेज आंधी और खराब मौसम के चलते विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है, जिससे क्षेत्र के करीब 120 गांवों में अंधेरा छा गया। इस अचानक आई आपदा से ग्रामीणों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है और लोग भीषण गर्मी में बिजली के बिना परेशान हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आंधी के दौरान तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर बिजली के खंभे झुक गए और हाईटेंशन लाइनों में फॉल्ट आ गया। इसके चलते राजेपुर, कड़क्का, अलीगढ़, मोहद्दीपुर, बरुआ, हमीरपुर, कुसमापुर, कुतलुपुर और हरिहरपुर सहित दर्जनों गांवों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। रविवार को पूरे दिन में मात्र दो घंटे ही बिजली मिल सकी, इसके बाद आपूर्ति पूरी तरह बंद हो गई।
सोमवार को भी हालात जस के तस बने रहे। बिजली न होने के कारण राजेपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जांच कार्य बाधित रहा और आवश्यक उपकरण भी सुचारू रूप से संचालित नहीं हो सके, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं पर भी सीधा असर पड़ा।
ग्रामीणों ने बताया कि बिजली न होने से पेयजल संकट भी गहरा गया है, क्योंकि अधिकांश हैंडपंप और मोटर बिजली पर निर्भर हैं। मोबाइल चार्जिंग, पंखे और अन्य जरूरी सुविधाएं बंद होने से लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
इस संबंध में राजेपुर विद्युत केंद्र के कर्मचारी हरिओम सिंह ने बताया कि तेज आंधी के चलते कई स्थानों पर तकनीकी खराबी आई है। विद्युत विभाग की टीमें लगातार मरम्मत कार्य में जुटी हुई हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सोमवार दोपहर करीब 2 बजे तक विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
फिलहाल, ग्रामीणों को बिजली बहाली का इंतजार है और प्रशासन से जल्द समस्या के समाधान की मांग की जा रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article