नवाबगंज। नवाबगंज क्षेत्र में आलू की अगैती फसल के दामों में भारी गिरावट दर्ज की गई है। नए आलू का भाव इतना नीचे आ गया है कि किसानों के लिए लागत निकालना भी मुश्किल हो गया है। रविवार को स्थानीय मंडी में आलू का भाव मात्र 251 से 321 रुपये प्रति पैकेट दर्ज किया गया।
किसानों के अनुसार, एक बीघा आलू की फसल तैयार करने में 10 से 12 हजार रुपये तक की लागत आती है। लेकिन मौजूदा बाजार भाव के अनुसार एक बीघा आलू बेचने पर किसानों को केवल 8 से 10 हजार रुपये ही मिल पा रहे हैं, जिससे सीधा घाटा उठाना पड़ रहा है।
किसान ऋषभ कुमार ने बताया कि आलू की खेती में प्रति बीघा करीब 10,000 से 12,000 रुपये खर्च होते हैं, जबकि केवल मजदूरी का खर्च ही 15,000 रुपये तक पहुंच गया है। वर्तमान में एक मजदूर की दिहाड़ी 400 से 500 रुपये तक है।
किसान रामवीर, सुधीर कुमार, रामसिंह ठाकुर सहित अन्य किसानों ने बताया कि इतनी मेहनत और पूंजी लगाने के बाद भी सही दाम न मिलने से आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। किसानों का कहना है कि अगर जल्द ही बाजार भाव में सुधार नहीं हुआ तो अगली फसल पर सीधा असर पड़ेगा।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here