100 रुपये प्रति कुंतल की गिरावट, किसान परेशान

फर्रुखाबाद।  जनपद की प्रमुख सातनपुर मंडी में आलू के दामों में तेज गिरावट दर्ज की गई है। शनिवार 27 दिसंबर को मंडी में आलू का थोक भाव 351 रुपये से 501 रुपये प्रति कुंतल के बीच रहा। बीते दिन की तुलना में आलू के दामों में करीब 100 रुपये प्रति कुंतल की गिरावट दर्ज की गई है।
मंडी में भाव गिरने से आलू उत्पादक किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि मौजूदा कीमतों में फसल की लागत निकालना भी मुश्किल हो रहा है। बीज, खाद, सिंचाई और मजदूरी पर पहले ही भारी खर्च हो चुका है, ऐसे में लगातार गिरते भाव नुकसान का कारण बन रहे हैं।
मंडी व्यापारियों के अनुसार इन दिनों आलू की आवक लगातार बढ़ रही है। ठंड बढ़ने के साथ खेतों से खुदाई तेज हो गई है, वहीं आसपास के जिलों से भी आलू की बड़ी खेप मंडी पहुंच रही है। मांग की तुलना में आवक अधिक होने के कारण बाजार में दबाव बना हुआ है, जिससे भाव टूट रहे हैं।
व्यापारियों का कहना है कि यदि यही स्थिति बनी रही तो आने वाले दिनों में दामों में और गिरावट देखने को मिल सकती है। दूसरी ओर किसान मजबूरी में कम दाम पर आलू बेचने को मजबूर हैं, जबकि कुछ किसान भाव सुधरने की उम्मीद में आलू को कोल्ड स्टोरेज में रखने की तैयारी कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here