401 से 581 रुपये प्रति कुंतल बिका
फर्रुखाबाद। नए वर्ष के पहले दिन 1 जनवरी को सातनपुर कृषि उपज मंडी में आलू के भाव लगभग स्थिर बने रहे। मंडी में आवक सामान्य रही, जबकि मांग में कोई खास उछाल न आने से दामों में तेजी देखने को नहीं मिली। कारोबार के दौरान आलू 401 रुपये से 581 रुपये प्रति कुंतल तक बिका।
मंडी सूत्रों के अनुसार, बीते कुछ दिनों से आलू के दामों में जो ठहराव बना हुआ था, वही स्थिति बुधवार को भी देखने को मिली। कोल्ड स्टोरेज से निकल रहे आलू और ताजा आवक के बीच संतुलन बना हुआ है, जिस कारण भाव स्थिर बने हुए हैं।
किसानों का कहना है कि मौजूदा दरों में लागत निकलना मुश्किल हो रहा है। बीज, खाद, दवा, सिंचाई और मजदूरी की बढ़ती लागत के मुकाबले मंडी भाव अपेक्षा से कम हैं। वहीं आढ़तियों का कहना है कि बाहरी मंडियों से मांग कमजोर रहने के कारण भाव में फिलहाल सुधार की संभावना कम है।
व्यापारियों के मुताबिक, यदि आने वाले दिनों में कानपुर, लखनऊ और दिल्ली की मंडियों से मांग बढ़ती है तो आलू के दामों में हल्की तेजी आ सकती है। फिलहाल मौसम अनुकूल है और फसल की गुणवत्ता भी ठीक बताई जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here