34 C
Lucknow
Saturday, April 11, 2026

इंस्टाग्राम लाइव पर बेखौफ आकिब, गिरफ्तार आरोपियों को दे रहा गालियां

Must read

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में हाल ही में उजागर हुए आतंकी मॉड्यूल के बाद भी मुख्य संदिग्ध आकिब का दुस्साहस कम नहीं हुआ है। दुबई में बैठा यह संदिग्ध आतंकी खुलेआम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर लाइव आकर अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहा है। बृहस्पतिवार रात वह कई घंटों तक लाइव रहा, जिसमें कई लोग जुड़े और आपस में बातचीत करते नजर आए। इस दौरान आकिब ने न केवल गिरफ्तार आरोपियों को गालियां दीं, बल्कि पूरे मामले का ठीकरा उन्हीं पर फोड़ते हुए खुद को देशभक्त बताने की कोशिश करता रहा।
सूत्रों के अनुसार, यह पहली बार नहीं है जब आकिब ने इस तरह का दुस्साहस दिखाया हो। इससे पहले भी उसका एक लाइव वीडियो वायरल हो चुका है, जिसमें उसने खुद को निर्दोष बताया था। अब जबकि जांच एजेंसियां उसके खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया तेज कर चुकी हैं और उसे भारत लाने की कवायद जारी है, इसके बावजूद उसका इस तरह खुलेआम लाइव आना सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
लाइव वीडियो के दौरान एक महिला, जिसने अपना नाम रुबीना बताया, भी बातचीत में शामिल रही। वह खुद को दिल्ली के जामा मस्जिद क्षेत्र की निवासी बता रही थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया और कथित रूप से हथियारों जैसे एके-47 और ग्रेनेड से जुड़े वायरल वीडियो की चर्चा भी की गई। इतना ही नहीं, वीडियो वायरल करने वाले व्यक्ति को निशाने पर लेने की बात भी कही गई।
बताया जा रहा है कि आकिब ने बातचीत में रुबीना को “शूटर” बताया, जिस पर उसने भी आक्रामक अंदाज में प्रतिक्रिया दी और खुद को बेखौफ बताते हुए किसी से न डरने की बात कही। इस पूरे घटनाक्रम ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ा दी है।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश एटीएस पहले ही इस आतंकी नेटवर्क से जुड़े कई संदिग्धों को गिरफ्तार कर चुकी है और कुछ के खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किए गए हैं। एजेंसियां अब दुबई में बैठे आकिब को भारत लाने के लिए कानूनी और कूटनीतिक प्रयासों में जुटी हैं, साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश में उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य युवकों पर भी नजर रखी जा रही है।
यह मामला न केवल आतंकी गतिविधियों के बदलते डिजिटल स्वरूप को उजागर करता है, बल्कि यह भी दिखाता है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का दुरुपयोग कर किस तरह संदिग्ध तत्व खुलेआम अपनी गतिविधियां जारी रखे हुए हैं। ऐसे में एजेंसियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती इस नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने और मुख्य आरोपी को जल्द से जल्द कानून के शिकंजे में लाने की है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article