अलीगढ़। जनपद अलीगढ़ के चंडौस थाना क्षेत्र में स्थित AA इंटरप्राइजेज टायर फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। यह हादसा चीमनपुर रोड पर स्थित फैक्ट्री में हुआ, जहां आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग लगने से फैक्ट्री में रखा कच्चा माल और तैयार टायर जलकर खाक हो गए, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 7 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग इतनी तेज थी कि फैक्ट्री के ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइनें टूट गईं, जिससे आसपास के इलाके में विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई।
150 गांवों की बिजली रही ठप
आग की वजह से 7 बिजली घरों से जुड़े करीब 150 गांवों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। करीब 9 घंटे तक इन गांवों में अंधेरा छाया रहा, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त लाइनों की मरम्मत में जुटीं, जिसके बाद धीरे-धीरे आपूर्ति बहाल की गई।
राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि फैक्ट्री को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस और प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
प्रशासन का कहना है कि प्रारंभिक जांच के बाद ही आग लगने के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा, वहीं फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।






