36 C
Lucknow
Sunday, April 12, 2026

घर में लगी आग से 30 हजार नकद समेत लाखों का सामान जलकर राख

Must read

फर्रुखाबाद

नवाबगंज नगर में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां वार्ड नंबर 13 स्थित नेहरू नगर इलाके में अज्ञात कारणों से एक मकान में भीषण आग लग गई। इस हादसे में घर में रखा लाखों रुपये का सामान और करीब 30 हजार रुपये नकद जलकर पूरी तरह राख हो गया, जिससे पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, यह घटना रात करीब 2 बजे की है। घर के मालिक रामनरेश का परिवार उस समय घर के बाहर सो रहा था, जबकि उनका पुत्र कमल कमरे के अंदर मौजूद था। अचानक कमरे में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें और धुआं देख परिजन तुरंत बाहर निकल आए और आसपास के लोगों को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक कमरे में रखा सारा सामान जल चुका था। आग में रजाई, गद्दे, कपड़े, कुर्सी, टेबल समेत घरेलू उपयोग की लगभग सभी वस्तुएं नष्ट हो गईं। साथ ही घर में रखी 30 हजार रुपये की नकदी भी आग की भेंट चढ़ गई।
सुबह होते ही पीड़ित रामनरेश ने घटना की जानकारी क्षेत्रीय सभासद बृजमोहन को दी। सूचना मिलते ही सभासद मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने तत्काल संबंधित अधिकारियों को घटना से अवगत कराया और पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य तकनीकी कारण से यह हादसा हुआ हो सकता है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है। प्रशासन से अब मुआवजा और राहत की उम्मीद जताई जा रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article