बदायूं l जिले के मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव बुधआई निवासी अशोक (22) पुत्र अमर सिंह की शुक्रवार रात सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। वह अपनी बहन की शादी के निमंत्रण कार्ड बांटने बाइक से कासगंज गया था, लेकिन रास्ते में अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसा शुक्रवार रात करीब दस बजे कासगंज के सिद्धपुरा थाना क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर के पास हुआ। परिजनों के अनुसार, गांव के पास ही किसी अज्ञात वाहन ने अशोक की बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद पुलिस ने उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया और परिजनों को सूचना दी, लेकिन इलाज के दौरान रात करीब दो बजे उसकी मौत हो गई।
मृतक के भाई मोरपाल ने बताया कि अशोक अपनी बहन अंजली की शादी के कार्ड बांटने गया था। अंजली की शादी 14 फरवरी को जनपद एटा के थाना राजा का रामपुर क्षेत्र के गांव टिकटपुर निवासी गोपाल के साथ होनी है। जिस घर में शादी की तैयारियों के बीच मंगल गीत गूंज रहे थे, वहां अचानक मातम छा गया।
कासगंज पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। शनिवार देर शाम परिजन शव लेकर गांव पहुंचे और अंतिम संस्कार किया गया। बताया गया कि करीब डेढ़ साल पहले अशोक के बड़े भाई की भी सड़क हादसे में मौत हो चुकी थी। एक बार फिर परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जिससे गांव का माहौल गमगीन हो गया।


