33 C
Lucknow
Sunday, April 12, 2026

युवक की सिर कुचलकर हत्या, घर के पास गली में मिला रक्तरंजित शव, स्वाट व सर्विलांस टीम जांच में जुटी

Must read

एटा: कोतवाली देहात क्षेत्र अंतर्गत गांव उज्जैपुर में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब 38 वर्षीय युवक का शव उसके घर के पास गली में पड़ा मिला। शव पर गंभीर चोटों के निशान थे और आसपास खून फैला हुआ था। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फील्ड यूनिट और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए तथा साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उज्जैपुर निवासी दिनेश कुमार शुक्रवार देर रात तक अपने कुछ साथियों के साथ गांव के बाहर खेत पर बैठकर खाने-पीने की पार्टी कर रहा था। परिजनों का कहना है कि देर रात तक वह घर नहीं लौटा। शनिवार सुबह जब ग्रामीणों ने घर से कुछ दूरी पर गली में एक व्यक्ति को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा तो पहचान करने पर वह दिनेश कुमार निकला। यह खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं और चेहरा खून से सना हुआ है। घटनास्थल के पास ही खून से सना टूटा हुआ लकड़ी का गुटका (डंडानुमा टुकड़ा) भी बरामद हुआ है, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए सुरक्षित कर लिया है। प्रथम दृष्टया मामला सिर पर पीछे से वार कर हत्या किए जाने का प्रतीत हो रहा है।

सीओ सिटी कीर्तिका सिंह ने बताया कि घटनास्थल की बारीकी से जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और मृतक के साथ अंतिम समय में मौजूद लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी संभावित पहलुओं—पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या अन्य कारण—को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस के साथ फील्ड यूनिट को मौके पर भेजा गया।

घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य संकलित किए गए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के शीघ्र खुलासे के लिए स्वाट और सर्विलांस टीम को भी लगाया गया है, जो कॉल डिटेल्स और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही हैं।

गांव में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में चर्चा है कि हत्या सुनियोजित तरीके से की गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article