सीएचसी शमशाबाद से लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद किया गया रेफर
शमशाबाद, फर्रुखाबाद। थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शमशाबाद ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद के लिए रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार थाना शमशाबाद क्षेत्र के ग्राम कुइया खेड़ा निवासी मोनू पुत्र घनश्याम सिंह राठौर शुक्रवार देर शाम साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि मोनू शमशाबाद बाजार से कुछ सामान खरीदकर वापस गांव जा रहे थे। जब वह शमशाबाद–फैजबाग मार्ग पर ग्राम मुरैठी के निकट पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि साइकिल सवार मोनू सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर शोर-शराबा सुनकर आसपास से गुजर रहे राहगीर और ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। इसी बीच दुर्घटना को अंजाम देने वाला अज्ञात वाहन चालक मौके का फायदा उठाकर वाहन समेत फरार हो गया।
राहगीरों और ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमशाबाद पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण एंबुलेंस के माध्यम से उसे डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल, फर्रुखाबाद के लिए रेफर कर दिया गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। फिलहाल लोहिया अस्पताल में घायल युवक का उपचार जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल बना हुआ है। वहीं पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।


