मैनपुरी। बीती रात एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई, जहां माता शीतला देवी मंदिर में नेजा चढ़ाने आए एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। युवक का शव गुरुवार सुबह कुरावली रोड स्थित एक कोल्ड स्टोर के पीछे पड़ा मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।
जानकारी के अनुसार, थाना बिछवां क्षेत्र के गांव करीमगंज निवासी 35 वर्षीय रजनेश बुधवार शाम गांव के अन्य लोगों के साथ माता शीतला देवी मंदिर में नेजा चढ़ाने के लिए आया था। धार्मिक अनुष्ठान के बाद वह अपने साथियों से अलग हो गया। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई, लेकिन किसी को उसके साथ हुई अनहोनी का अंदेशा नहीं था।
गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दी गई कि कुरावली रोड पर एक कोल्ड स्टोर के पीछे एक युवक का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान रजनेश के रूप में की। शव की हालत देखकर हर कोई सन्न रह गया, क्योंकि उसके चेहरे और सिर सहित सीने पर धारदार हथियार से कई बार वार किए गए थे, जो इस बात की ओर इशारा कर रहे थे कि हत्या बेहद बेरहमी से की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और थाना बिछवां पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। वहीं, फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े हर पहलू की जांच की जा रही है।
परिजनों ने इस मामले में साफ तौर पर हत्या का आरोप लगाया है और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर है।
सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल, यह हत्या किन कारणों से की गई और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की गहनता से जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश जारी है।


