36 C
Lucknow
Thursday, April 2, 2026

प्रेम प्रसंग से आहत युवक ने सरकारी गेस्ट हाउस में की आत्महत्या, तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

Must read

जलेसर/ एटा: जलेसर कस्बे में एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां 28 वर्षीय युवक ने सरकारी गेस्ट हाउस (Government Guest House) में फंदा लगाकर आत्महत्या (suicide) कर ली। मृतक की पहचान गांव सरसैला निवासी सौरभ के रूप में हुई है, जो तीन बच्चों का पिता था। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का कारण प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

बताया गया है कि सौरभ का अपने ही गांव की एक युवती से प्रेम संबंध था। दोनों के रिश्ते की जानकारी परिवार वालों को भी थी, लेकिन युवती के परिजन इस संबंध का विरोध कर रहे थे। इसी तनाव के चलते सौरभ मानसिक रूप से काफी परेशान चल रहा था। पुलिस के अनुसार युवक ने अपने हाथ और सीने पर अपनी प्रेमिका का नाम भी लिखा था, जिससे उसके मनोस्थिति का अंदाजा लगाया जा रहा है।

परिजनों ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब नौ बजे सौरभ घर से यह कहकर निकला था कि वह मजदूरी करने जा रहा है। दिनभर उसके घर न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। रात होने तक जब वह वापस नहीं आया तो स्वजन ने उसकी तलाश शुरू की और रिश्तेदारों व परिचितों के यहां भी पूछताछ की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। बीती रात सौरभ का शव जलेसर स्थित सरकारी गेस्ट हाउस में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव को नीचे उतरवाया। घटना की खबर फैलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल छा गया।

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस प्रेम प्रसंग और पारिवारिक विरोध के एंगल से भी मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article