औरैया: अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक हृदयविदारक सड़क हादसे (road accidents) में 24 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत (young man dies) हो गई। कुलहरुआ गांव निवासी अंशुल की ट्रैक्टर से गिरकर पहिए के नीचे आने से जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की एक वर्ष पूर्व ही शादी हुई थी और उसकी एक माह की मासूम बेटी है, जिसके सिर से अब पिता का साया उठ गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अंशुल मंगलवार की रात अपने गांव कुलहरुआ से पास के महाराजपुर गांव स्थित खेत पर जा रहा था, जहां आलू की भरी बोरियों को ट्रैक्टर-ट्राली पर लादना था। वह हाथ में टिफिन लेकर ट्रैक्टर के पायदान पर खड़ा होकर खेत की ओर जा रहा था। गांव के पास बंबा (नहर किनारे बने कच्चे रास्ते) पर अचानक ट्रैक्टर को जोरदार झटका लगा, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पायदान से नीचे गिर पड़ा।
बताया जा रहा है कि चालक जब तक स्थिति समझ पाता और ब्रेक लगाता, उससे पहले ही अंशुल ट्रैक्टर के पिछले पहिए की चपेट में आ गया। पहिया उसके ऊपर से गुजर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीणों और स्वजन ने तत्काल उसे उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन दुर्भाग्यवश अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अंशुल की असमय मौत से परिवार में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों के अनुसार अंशुल मेहनती और जिम्मेदार युवक था तथा खेती-किसानी के कार्यों में परिवार का हाथ बंटाता था। उसकी शादी एक साल पहले ही धूमधाम से हुई थी और हाल ही में उसके घर बेटी का जन्म हुआ था। मासूम बच्ची अभी दुनिया को ठीक से पहचान भी नहीं पाई थी कि उससे पहले ही उसके सिर से पिता का साया उठ गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।


